ऋषिकेश। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार तड़के बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 32 सीटर बस में हादसे के समय कुल 30 यात्री सवार थे। गूलर के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मौके पर 6 की मौत, अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के अनुसार, दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य यात्रियों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल 13 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान की जा रही है। वहीं, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। चारधाम यात्रा मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर किया है।





