रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर में रविवार शाम एक पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जुए में 15 हजार रुपये हारने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी दौरान उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय पेंटर की पत्नी घर की निचली मंजिल पर रसोई में खाना बना रही थी। कुछ देर बाद जब वह पति को भोजन के लिए बुलाने ऊपर कमरे में पहुंची तो उसके होश उड़ गए। पति कमरे में चादर के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पेंटर ने घटना से पहले जुए में 15 हजार रुपये गंवा दिए थे, जिसके बाद से वह परेशान था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।





