आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में घिरे दो मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करें सीएम धामी: हरीश रावत

0
2

पिथौरागढ़। उत्तराखंड की सियासत में आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में घिरे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और मंत्री रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए।

पिथौरागढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों पर आय से अधिक संपत्ति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री को इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दोनों मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। जनप्रतिनिधियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और उनके खिलाफ उठने वाले गंभीर सवालों पर सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए।

हरीश रावत के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस ने इस मुद्दे के जरिए सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं।