हरिद्वार। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर अब हरिद्वार की आबोहवा पर साफ दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और हानिकारक कणों ने शहर की हवा को प्रदूषित कर दिया है। पिछले सात दिनों से लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण दीपावली की रात अचानक खतरनाक स्तर की ओर बढ़ गया। संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) महज एक दिन में 53 अंक बढ़कर 168 पर पहुंच गया।
दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी के चलते वातावरण में धुआं और सूक्ष्म प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ गई। इसका सीधा असर वायु गुणवत्ता पर पड़ा। खासतौर पर पीएम-10 के स्तर में भी उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया, जिससे शहर की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई।
आमतौर पर दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें वातावरण में लंबे समय तक बनी रह सकती हैं। इससे सांस संबंधी परेशानी, आंखों में जलन और खांसी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए प्रदूषित हवा अधिक नुकसानदायक हो सकती है।
दीपावली के बाद एक्यूआई में दर्ज हुई इस बढ़ोतरी ने हरिद्वार में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब मौसम की स्थिति और प्रदूषण के स्तर में होने वाले बदलाव पर नजर बनी हुई है।





