बागेश्वर। महाअष्टमी के पावन अवसर पर बाबा बागनाथ की नगरी बागेश्वर भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई। सरयू-गोमती संगम के दोनों तट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। मां सरयू की भव्य आरती, दीपदान और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू घाट पहुंचे। देर रात तक घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।
रंग-बिरंगी रोशनी के बीच मां सरयू की आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां सरयू का आशीर्वाद लिया। आरती के बाद नदी के दोनों तटों पर दीपदान किया गया। हजारों दीपों की जगमगाहट से संगम का दृश्य बेहद आकर्षक नजर आया।
दीपों से जगमगाए घाट, आतिशबाजी ने मोहा मन
महाअष्टमी के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव में दीपों से सजे घाट और आसमान में चमकती आतिशबाजी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। वहीं, शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में भी आरती-वंदना और पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधायक पार्वती दास ने किया दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ
विधायक पार्वती दास ने दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महाअष्टमी पर आयोजित होने वाला यह दीपोत्सव आस्था, परंपरा और स्थानीय संस्कृति का प्रतीक है। दीपों का प्रकाश जीवन में आशा, सकारात्मकता और अच्छाई का संदेश देता है।
इस अवसर पर देवी पूजा महोत्सव समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक अनुष्ठानों और दीपोत्सव के आयोजन ने महाअष्टमी के पर्व को यादगार बना दिया।





