गदरपुर बाईपास पर दर्दनाक हादसा: कुत्ते से टकराकर डिवाइडर से भिड़ी पल्सर बाइक, दो युवकों की मौत

0
1

गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में गदरपुर बाईपास पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। रुद्रपुर से काशीपुर की ओर जा रही पल्सर बाइक गोपाल नगर-बालराम नगर कट के पास सड़क पार कर रहे कुत्ते से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब छह बजे हुआ। बाइक पर सवार दोनों युवक टक्कर लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल युवक को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

हिम्मतपुर के रहने वाले थे दोनों युवक

गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल के अनुसार, दोनों युवक आईटीआई थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर के रहने वाले थे। मृतकों में एक की पहचान सतीश पुत्र कृपाल सिंह के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे युवक राज के बारे में बताया गया कि उसने पिछले वर्ष ही इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक फिलहाल घर पर ही रहते थे और कोई काम नहीं करते थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।