रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में कारोबारियों के आवासों पर आयकर विभाग की कार्रवाई 40 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी जारी रही। कारोबारी रोहिताश बत्रा और डॉ. दीपक छाबड़ा के आवासों पर चल रही इस कार्रवाई में आयकर विभाग की मुख्य टीम के साथ लखनऊ और कानपुर से पहुंचे अधिकारी भी जांच में जुटे हैं।
कार्रवाई के लंबे समय तक जारी रहने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आयकर विभाग की टीमें संबंधित परिसरों में जांच कर रही हैं। हालांकि, अब तक विभाग की ओर से कार्रवाई के उद्देश्य, जांच के दायरे या किसी तरह की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, सूत्रों के हवाले से देहरादून से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम के भी कार्रवाई में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, ईडी की टीम की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, आयकर विभाग और ईडी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जांच के निष्कर्षों और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।





