छुट्टी नहीं मिली तो भड़का बंदीरक्षक, लोडेड सरकारी राइफल लेकर जेलर के आवास पहुंचा; जान से मारने की धमकी का आरोप

0
1

सितारगंज। केंद्रीय कारागार सितारगंज में छुट्टी स्वीकृत नहीं होने से नाराज एक बंदीरक्षक पर प्रभारी जेलर को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि बंदीरक्षक शुभम पांडेय लोडेड सरकारी राइफल लेकर प्रभारी जेलर (कारापाल) प्यारे लाल के आवास पर पहुंच गया और हंगामा करते हुए उन्हें धमकाया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, बंदीरक्षक सरकारी राइफल लेकर ड्यूटी स्थल से प्रभारी जेलर के आवास पर पहुंचा। आरोप है कि उसने आवास के दरवाजे पर पैर से जोरदार प्रहार किए और प्रभारी जेलर को बाहर निकालने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करते हुए किसी तरह उससे सरकारी हथियार अलग करवाया।

आरोप है कि सरकारी राइफल अलग किए जाने के बाद भी बंदीरक्षक का व्यवहार आक्रामक बना रहा। उसने मारपीट का प्रयास किया और पुलिस की मौजूदगी में भी धमकियां दीं। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक को दी गई शिकायत

प्रभारी जेलर प्यारे लाल ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर सितारगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी बंदीरक्षक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की तीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बंदीरक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही को सौंपी गई है। शिकायत में सरकारी हथियार लेकर ड्यूटी स्थल छोड़ने, प्रभारी जेलर के आवास पर पहुंचकर धमकी देने और कथित तौर पर मारपीट का प्रयास करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।