उधमसिंह नगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नानकमता पहुंचे। यहां उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
गुरुद्वारा साहिब में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में स्वयं श्रमदान किया। उन्होंने साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से देश-दुनिया के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इन स्थलों की स्वच्छता, सुंदरता और पवित्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और बेहतर उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।





