उत्तराखंड की गीता में पहाड़ सी हिम्मत, गुलदार ने किया हमला तो दराती लेकर डटी रहीं; उल्टे पैर भागा गुलदार

0
3

बागेश्वर। गरुड़ नगर से लगे दर्शानी गांव में घर के पास घास काट रही एक महिला पर घात लगाए गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के पैर में गंभीर चोट आई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और हाथ में मौजूद दराती से गुलदार पर पलटवार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग गया।

दर्शानी गांव निवासी 40 वर्षीय गीता देवी, पत्नी मनोहर पांडे, शुक्रवार देर शाम घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। गुलदार ने उनके पैर को निशाना बनाया, जिससे वह घायल हो गईं।

Ads

हमले के दौरान गीता देवी ने साहस दिखाते हुए हाथ में मौजूद दराती से गुलदार का सामना किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों के पहुंचने पर गुलदार मौके से भाग निकला।

घटना के बाद घायल गीता देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के आसपास गुलदार की मौजूदगी से लोगों में चिंता बनी हुई है। खासकर घरों के आसपास और जंगल से सटे इलाकों में घास काटने तथा अन्य जरूरी कामों के लिए जाने वाले ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।