बागेश्वर में 52 घंटे के बर्फीले तूफान से रुका ट्रेल पास अभियान, 16 पर्वतारोही सुरक्षित लौटे

0
2

बागेश्वर। हिमालय की ऊंची चोटियों पर मौसम की चुनौती एक बार फिर पर्वतारोहियों के लिए मुश्किल बन गई। पिंडारी ग्लेशियर से नंदा देवी ईस्ट बेस कैंप होते हुए पिंडर घाटी को जोहार घाटी से जोड़ने वाले ट्रेल पास को पार करने निकले देवभूमि एडवेंचर के 16 सदस्यीय दल को 52 घंटे तक चले बर्फीले तूफान के कारण अपना अभियान बीच में ही रोकना पड़ा।

लगातार बर्फबारी और तेज बर्फीले तूफान के चलते ट्रेल पास क्षेत्र में परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हो गईं। करीब 10 फीट तक बर्फ जमा होने से अभियान का रास्ता पूरी तरह ढक गया। इतना ही नहीं, दल का लगभग पूरा सामान भी भारी बर्फ के नीचे दब गया।

Ads

मौसम के लगातार बिगड़ते हालात और आगे बढ़ने में बढ़ते जोखिम को देखते हुए दल ने अभियान जारी रखने के बजाय सुरक्षित वापसी का फैसला किया। इसके बाद सभी 16 सदस्य सुरक्षित वापस लौटने में सफल रहे।

शुक्रवार को दल के सभी सदस्य वाछम-दऊ-जैकुनी पहुंच गए। सुरक्षित वापसी के बाद अभियान दल ने राहत की सांस ली। हालांकि, खराब मौसम के कारण ट्रेल पास अभियान को इस बार पूरा नहीं किया जा सका।

ट्रेल पास क्षेत्र में मौसम की इस चुनौती ने एक बार फिर साबित किया कि हिमालयी अभियानों में अनुभव और तैयारी के साथ मौसम की स्थिति का आकलन और सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।