लंबे वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, सड़कें जाम और होटल फुल

0
2
नैनीताल। गांधी जयंती समेत तीन दिन के लंबे वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे, जिसके चलते शहर की सड़कें और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से पैक नजर आए। वाहनों की संख्या बढ़ने से नैनीताल और आसपास करीब पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया।

पर्यटकों की भारी आमद का असर होटल और पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई दिया। शहर के होटल, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने के स्थान लगभग फुल हो गए। फुल टैरिफ लागू होने के बावजूद कमरों की मांग बनी रही और पर्यटकों को ठहरने के लिए जगह तलाशने में परेशानी हुई।

शहर के प्रमुख पार्किंग स्थल भी वाहनों से भर गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। जाम के कारण कई पर्यटकों को अपनी निर्धारित योजनाओं में बदलाव करना पड़ा। कुछ पर्यटकों को रोपवे की बुकिंग तक रद्द करनी पड़ी और कई लोगों ने जाम से बचने के लिए पैदल ही सफर किया।

Ads

भीड़ का असर नैनीताल के आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी देखने को मिला। चिड़ियाघर में वन्यजीवों का दीदार करने के लिए करीब एक हजार पर्यटक पहुंचे। लंबे वीकेंड के चलते शहर में पर्यटकों की भीड़ और वाहनों का दबाव दिनभर बना रहा।