देहरादून। सहस्रधारा रोड पर दिनदहाड़े महिला को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक आरोपितों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपितों ने जिस काले रंग की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया, उसका नंबर छिपा हुआ था। इसके चलते सीसीटीवी फुटेज में वाहन का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे सका। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार की पहचान और उसके रूट का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं महिला
पुलिस को दी गई शिकायत में सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी बेटी को स्कूटी से स्कूल छोड़ने के लिए निकली थीं। उन्होंने बेटी को नालापानी चौक पर छोड़ा और इसके बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं।
शिकायत के अनुसार, सहस्रधारा रोड स्थित कानकुंज वाली गली के पास पीछे से एक काले रंग की स्विफ्ट कार तेजी से आई और उन्हें ओवरटेक करते हुए आगे निकल गई। इसके बाद कार की पिछली सीट से दो व्यक्ति नीचे उतरे और महिला को कथित तौर पर पकड़ लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में संदिग्ध कार किस-किस मार्ग से गुजरी। वाहन की पहचान होने के बाद आरोपितों तक पहुंचने की दिशा में जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश जारी है।




