चंपावत में मांगों को लेकर कॉलेज की छत पर चढ़े छात्र, महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस के फूले हाथ-पांव

0
2

जागरण संवाददाता, लोहाघाट (चंपावत)। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी और छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। दोपहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज विद्यार्थी परिषद के सात छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। छात्र मांगें पूरी होने तक छत से नीचे न उतरने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन की टीम लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास करती रही।

आठवें दिन भी जारी रहा धरना

एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी और जिला संयोजक नीरज सगटा के नेतृत्व में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार से छात्रों ने क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया। इससे पहले आंदोलनरत छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया था।

Ads

सात छात्र कॉलेज की छत पर चढ़े

दोपहर के समय आंदोलन ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब सात छात्र अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए महाविद्यालय भवन की छत पर चढ़ गए। छात्रों के इस कदम से महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई। अधिकारी लगातार छात्रों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित रूप से नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे रहे।

ये हैं छात्रों की प्रमुख मांगें

आंदोलनरत छात्र महाविद्यालय में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान की कक्षाएं शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने डबल एमए की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई है।

छात्रों की अन्य प्रमुख मांगों में वर्ष 2021 से 2025 तक की सभी मार्कशीट उपलब्ध कराना, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करना तथा मॉडर्न फिजिक्स में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बांड के आधार पर प्रवेश देने की मांग शामिल है।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

छात्रों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और छात्रों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।