चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के पास भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में गुरुवार को करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पहाड़ी से आए मलबे और बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए एनएचआईडीसीएल की मशीनें लगाई गईं, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर निकले बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाम में फंसे रहे। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हुई। आसपास दुकानें नहीं होने के कारण कई यात्रियों को पीने का पानी तक नहीं मिल सका।
मौसम सामान्य रहने पर एनएचआईडीसीएल ने दोपहर करीब 1 बजे चट्टान पर अटके बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया। यह कार्य करीब 4 बजे तक चला। इस दौरान सुरक्षा कारणों से यातायात को बार-बार रोकना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भनेरपाणी क्षेत्र में भूस्खलन और मलबे के कारण यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने एनएचआईडीसीएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुझाव दिया कि मलबा और बोल्डर हटाने का काम रात में किया जाए, ताकि दिन के समय चारधाम यात्रियों को लंबे जाम का सामना न करना पड़े।




