उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का आक्रामक अभियान, पेपर लीक और मंदिर चढ़ावा चोरी बने बड़े मुद्दे

0
2

देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में पेपर लीक, युवाओं के रोजगार, छात्रों के हित और मंदिरों में चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है।

नई दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 से 5 अगस्त तक देहरादून जिले की विधानसभा सीटों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा।

Ads

कांग्रेस का कहना है कि यात्रा के माध्यम से वह भाजपा सरकार की नीतियों, पेपर लीक मामलों, युवाओं को रोजगार, छात्रों से जुड़े मुद्दों और मंदिरों में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे विषयों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं की एक बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित किया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, खरगे का उत्तराखंड दौरा 8 अगस्त के आसपास हो सकता है।

इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी की भी उत्तराखंड में जनसभाएं कराने की तैयारी चल रही है। पार्टी इस बार उनकी रैलियां पर्वतीय जिलों में आयोजित करने की योजना बना रही है। हालांकि, दोनों नेताओं की उपलब्धता के बाद ही अंतिम कार्यक्रम और तिथियों की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले प्रदेशभर में जनसंपर्क बढ़ाते हुए सरकार के खिलाफ विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक राजनीतिक माहौल तैयार करना है।