हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस से मां और दो बेटों की मौत

0
1

हल्द्वानी | 21 जुलाई 2026

उत्तराखंड के हल्द्वानी में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। गौलापार क्षेत्र के मानपुर गांव में निर्माणाधीन भूमिगत पानी की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मां और उसके दो बेटों की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Ads

टंकी में उतरते ही एक-एक कर हुए अचेत

जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी धर्मेंद्र बिष्ट (46) ने अपने घर के पास कुछ दिन पहले एक भूमिगत पानी की टंकी का निर्माण कराया था। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे टंकी की शटरिंग हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान धर्मेंद्र टंकी के अंदर उतर गए, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए।

जब धर्मेंद्र की कोई आवाज नहीं आई, तो उनके छोटे भाई खुशाल सिंह (40) उन्हें देखने के लिए टंकी में उतरे। वह भी अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।

बेटों को बचाने उतरी मां भी नहीं बच सकीं

दोनों बेटों की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उनकी मां सरस्वती देवी (65) भी चिंता में टंकी के अंदर उतर गईं। दुर्भाग्यवश वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गईं।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय सब्जी विक्रेता भोज राम ने तीनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टंकी में उतरते ही वह भी बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला। भोज राम को होश आ गया, लेकिन मां और दोनों बेटों की हालत गंभीर बनी रही।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

ग्रामीण तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

प्रारंभिक आशंका है कि बंद टंकी के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।

सावधानी बेहद जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी बंद टैंक, कुएं या भूमिगत संरचना में उतरने से पहले गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना बेहद आवश्यक है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।