देहरादून में राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- “देश में पेपर लीक का बन गया है मेन्यू कार्ड”

0
1

देहरादून: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हो रहा है और पेपर लीक का नेटवर्क इतना संगठित हो चुका है कि यह किसी रेस्टोरेंट के मेन्यू कार्ड जैसा दिखाई देता है, जहां हर परीक्षा की कीमत तय है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र पैसे लेकर बेचे जा रहे हैं, जिससे लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी सरकार को स्वयं निभानी चाहिए, न कि निजी कंपनियों को सौंपनी चाहिए।

Ads

कार्यक्रम के दौरान कई अभ्यर्थियों ने पेपर लीक से जुड़ी अपनी समस्याएं साझा कीं। इसी बीच नीट परीक्षा विवाद के बाद जान गंवाने वाली देहरादून की छात्रा रिया थापा के पिता मंच पर अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए भावुक हो गए, जिससे कार्यक्रम का माहौल संवेदनशील हो गया।

देहरादून दौरे के दौरान राहुल गांधी ने सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के परिवार से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक की और शाम को रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल में छात्रों से संवाद किया।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल परीक्षाओं को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के सपनों को भी तोड़ती हैं, जो वर्षों की मेहनत और अपने परिवार की बचत के भरोसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।