उत्तराखंड: 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज की तैयारी, पेपर लीक और मंदिरों में चढ़ावे की चोरी होंगे बड़े मुद्दे

0
2

देहरादून। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने भाजपा को घेरने के लिए पेपर लीक, मंदिरों में चढ़ावे की चोरी, बेरोजगारी, युवाओं का पलायन, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी नेताओं को इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाने के संकेत दिए हैं। पार्टी का मानना है कि ये विषय सीधे आम लोगों से जुड़े हैं और चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Ads

कांग्रेस नेतृत्व के अनुसार, उत्तराखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा। इसके साथ ही मंदिरों में चढ़ावे की चोरी, बढ़ती बेरोजगारी, रोजगार की तलाश में युवाओं का पलायन, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई है।

राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चला चुकी है, जिसकी शुरुआत कोटा में छात्रों और युवाओं के साथ संवाद से हुई थी। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की भी तैयारी की जा रही है, जहां वे भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे।

कांग्रेस का कहना है कि आने वाले समय में पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएगी और जनता के बीच अपनी बात मजबूती से रखेगी।