देहरादून। मानसून की पहली ही तेज बारिश में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंस गया, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। सड़क धंसने के कारण कई वाहनों के रिम टूट गए, जबकि कुछ वाहन गड्ढों में फंस गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।
बताया जा रहा है कि सड़क धंसने की घटना शामली जिले के हाथी करौंदा गांव के पास हुई। बुधवार शाम हुई भारी बारिश के दौरान सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। वहां से गुजर रहे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मौके पर मरम्मत कार्य कराया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो बागपत यूनिट के अंतर्गत आने वाले हिस्से का है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए। वायरल वीडियो पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर टॉप ट्रेंडिंग में शामिल रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं।




