गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरा BRO कर्मचारी लापता, दो साथी सुरक्षित

0
2

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों में से एक कर्मचारी करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गया, जबकि उसके दो साथी सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति सीमा सड़क संगठन (BRO) में भैरवघाटी क्षेत्र में कार्यरत थे। हादसे में 26 वर्षीय सुरेश लामा, जो मूल रूप से नेपाल के निवासी और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे, गहरी खाई में गिर गए और तब से लापता हैं।

Ads

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने रात करीब 2:30 बजे तक लगातार तलाश अभियान चलाया, लेकिन भारी बारिश, अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण सफलता नहीं मिल सकी। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अभियान रात में रोक दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि सुबह होते ही एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर लापता कर्मचारी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।