मसूरी। भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव ने शनिवार को वंशिका सिंह के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित वेलकम होटल द सवॉय में आयोजित इस भव्य शादी समारोह में परिवार के सदस्यों, क्रिकेट जगत की कई हस्तियों और खास मेहमानों ने शिरकत की।
Table of Contents
Toggleतीन दिन तक चली शादी की भव्य रस्में
मसूरी के प्रतिष्ठित होटल में पिछले तीन दिनों से कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की विभिन्न रस्में आयोजित की जा रही थीं। शनिवार सुबह आठ बजे से शादी के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। शाम चार बजे हाई टी के साथ पारंपरिक साफा बांधने की रस्म पूरी की गई।
इसके बाद शाम पांच बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बरात निकली, जबकि शाम करीब 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला की रस्म संपन्न हुई। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था।
क्रिकेट सितारों ने बरात में जमकर किया डांस
शादी समारोह में कई नामी क्रिकेटर शामिल हुए। इस मौके पर तिलक वर्मा, मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह, सुरेश रैना, रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल और टी. दिलीप जैसे खिलाड़ियों ने बरात में जमकर डांस किया और नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।
धीरेंद्र शास्त्री ने भी दिया आशीर्वाद
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी कुलदीप यादव और वंशिका को आशीर्वाद देने के लिए मसूरी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे दोनों के अच्छे परिचित हैं और उन्हें आशीर्वाद देने के लिए इस समारोह में शामिल हुए हैं। उनके पहुंचने पर प्रशंसकों ने उनके साथ फोटो लेने के लिए भीड़ लगा दी।
सोशल मीडिया पर मिली बधाइयां
शादी की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से कुलदीप यादव और वंशिका को ढेरों शुभकामनाएं दीं। मसूरी में आयोजित यह भव्य विवाह समारोह चर्चाओं का केंद्र बना रहा।




