उत्तरकाशी में गैस सिलिंडर संकट: कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सतर्क, हेल्पलाइन नंबर जारी

0
4

उत्तरकाशी। जिले में रसोई गैस सिलिंडरों की कमी के चलते लंबी कतारें लगने लगी हैं। इस बीच गैस सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल की संभावित कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए 9456556431 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर सूचना मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गैस सिलिंडर के लिए सुबह चार बजे से लग रही कतारें

जिला मुख्यालय सहित कई क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इंडेन गैस, भारत गैस और एचपी गैस एजेंसियों के सामने सुबह से ही उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो रहे हैं।

Ads

शनिवार को नगर क्षेत्र के जोशियाड़ा मैदान में गैस की गाड़ी पहुंचने से पहले ही लोगों की लंबी लाइन लग गई। कई लोग सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हो गए थे, लेकिन सिलिंडरों की सीमित संख्या के कारण कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन की सख्त नजर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी गैस सिलिंडर, पेट्रोल या डीजल की कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की सूचना मिलती है तो तुरंत जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को जानकारी दी जाए। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उपभोक्ताओं को राहत दी जा सके।

होटल व्यवसायियों ने बैठक कर जताई चिंता

गैस सिलिंडर की कमी का असर होटल और ढाबा व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। पुरोला में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार की अध्यक्षता में होटल व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्तमान स्थिति और समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। व्यापारियों से नियमों का पालन करते हुए संयम बनाए रखने की अपील की गई।

नौगांव में सिलिंडर की कमी से ढाबे और रेस्टोरेंट बंद

नौगांव क्षेत्र में व्यवसायिक गैस सिलिंडरों की उपलब्धता न होने के कारण कई होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट प्रभावित हो रहे हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में तीन ढाबे और रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद हो चुके हैं।

व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन रमोला और महामंत्री सुमित रावत ने बताया कि यदि जल्द ही व्यवसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हुई तो और भी प्रतिष्ठान बंद हो सकते हैं। वहीं रोशनी इंडेन गैस के प्रबंधक के.एस. पंवार के अनुसार फिलहाल व्यवसायिक सिलिंडरों के आवंटन पर रोक लगाई गई है।