टिक टॉक वेबसाइट के खुलने से फैली अफवाह
हाल ही में कुछ यूजर्स ने दावा किया कि भारत में TikTok की वेबसाइट का होमपेज खुल रहा है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या भारत में टिक टॉक की वापसी हो रही है। हालांकि, ऐप अभी भी गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।
आईटी मंत्रालय का बयान
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने साफ किया कि टिक टॉक पर लगाया गया प्रतिबंध अभी भी लागू है। सरकार की ओर से ऐप को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें भ्रामक और पूरी तरह गलत हैं।

2020 में लगा था बैन
जून 2020 में केंद्र सरकार ने 59 मोबाइल एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इनमें ज्यादातर चीनी ऐप्स थे, जिनमें टिक टॉक, यूसी ब्राउजर और वीचैट शामिल थे। सरकार ने कहा था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता, रक्षा, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं।
चीन-भारत तनाव की पृष्ठभूमि
यह फैसला उस समय लिया गया था जब भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ था। जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में हुए संघर्ष के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी गिरावट आई थी। इसी पृष्ठभूमि में केंद्र सरकार ने सुरक्षा कारणों से चीनी एप्स पर बैन लगाया था।
डेटा चोरी और खामियों पर उठे सवाल
आईटी मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया था कि इन ऐप्स से डेटा लीक होने की शिकायतें थीं। कई ऐप्स लोकेशन डाटा चुराते थे और फाइलों को चीन के सर्वर पर ट्रांसफर करते थे। इसके अलावा, कुछ ब्यूटी एप्स जैसे ब्यूटी प्लस और सेल्फी कैमरा में अश्लील सामग्री पाए जाने की भी रिपोर्ट मिली थी।
भारत में टिक टॉक की लोकप्रियता
प्रतिबंध से पहले टिक टॉक भारत में बेहद लोकप्रिय था। जनवरी 2020 तक इसके करीब 200 मिलियन (20 करोड़) यूजर्स थे। ऐप के बैन होने के बाद कई भारतीय शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स सामने आए, जिन्होंने धीरे-धीरे बाजार में अपनी जगह बनाई।