उत्तरकाशी आपदा: चिनूक और एमआई-17 बने मददगार, देहरादून लाए गए 112 फंसे लोग

0
97
उत्तरकाशी आपदा

उत्तरकाशी में आई आपदा के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम साफ होते ही चिनूक और एमआई-17 हेलिकॉप्टरों की मदद से 112 लोगों को उत्तरकाशी से रेस्क्यू कर देहरादून एयरपोर्ट लाया गया। इन सभी लोगों का मेडिकल परीक्षण कर बसों और ट्रेनों के माध्यम से उन्हें घर भेज दिया गया।

गुरुवार को मौसम में सुधार के बाद चिनूक हेलिकॉप्टर ने देहरादून एयरपोर्ट से चार उड़ानें भरीं। पहली उड़ान में 29, दूसरी में 10 और तीसरी व चौथी उड़ान में 31-31 यात्रियों को रेस्क्यू कर एयरपोर्ट लाया गया। वहीं, एमआई-17 हेलिकॉप्टर से भी 11 लोगों को लाया गया। ये सभी श्रद्धालु, पर्यटक और श्रमिक थे जो उत्तरकाशी आपदा के कारण उत्तरकाशी में फंसे हुए थे।

एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सभी यात्रियों का मेडिकल चेकअप कराया गया और फिर उन्हें उत्तराखंड परिवहन विभाग की बसों से रेलवे स्टेशन और बस अड्डों तक छोड़ा गया, ताकि वे अपने घर पहुंच सकें। इस दौरान एनडीआरएफ, आईटीबीपी, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

चिनूक हेलिकॉप्टर अपने साथ जेसीबी मशीनें, जनरेटर और अन्य भारी उपकरण लेकर उत्तरकाशी के लिए गया था, ताकि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके। वापसी में यह हेलिकॉप्टर उत्तरकाशी आपदा में फंसे लोगों को लेकर लौटा।

कोतवाल डोईवाला के.के. लुंठी ने बताया कि रेस्क्यू कर लाए गए सभी 112 लोगों को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। राहत के बाद सभी के चेहरों पर वापस लौटने की खुशी साफ दिखाई दी।

उत्तरकाशी में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों में वायुसेना और प्रशासन का यह तालमेल कई लोगों की जान बचाने में मददगार साबित हुआ है।