उत्तराखंड पंचायत चुनाव: अंतिम चरण में 70% मतदान

0
27
उत्तराखंड पंचायत चुनाव: अंतिम चरण में 70% मतदान

देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सोमवार को 40 विकासखंडों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। बारिश के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और कई जिलों में मतदान रात आठ बजे तक जारी रहा।

चमोली, पौड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों में मौसम खराब होने के बावजूद लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे। शाम चार बजे तक राज्यभर में 58.12 प्रतिशत लोगों ने वोट डाल दिए थे। रात तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 65 से 70 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।

Ads

इस चरण में कुल 5033 पदों के लिए 14,751 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। मतदान संपन्न होने के साथ ही पोलिंग पार्टियों की वापसी का क्रम शुरू हो गया। देर रात तक सभी जिलों से आंकड़े प्राप्त किए जा रहे थे।

महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
चुनाव में महिलाओं और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं ने भी खासा उत्साह दिखाया। देहरादून और ऊधम सिंह नगर जैसे जिलों में देर रात तक पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं।

प्रमुख नेताओं ने भी डाले वोट
पंचायत चुनाव के इस चरण में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर समेत कई नेताओं ने अपने गांव के बूथों पर मतदान किया।

पहले चरण से तुलना
पहले चरण में 24 जुलाई को 89 विकासखंडों में 68 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस दिन 6049 पदों के लिए 17,829 प्रत्याशी मैदान में थे।

वोटिंग ग्राफ – दूसरे चरण में बढ़ती भागीदारी

  • सुबह 8 से 10 बजे तक: 12.42%

  • 10 से 12 बजे तक: 29.22%

  • 12 से 2 बजे तक: 41.95%

  • 2 से 4 बजे तक: 58.12%

  • रात 8 बजे तक (अनुमान): 65-70%

इन पदों के लिए हुआ मतदान

  • जिला पंचायत सदस्य (149 पद) — 716 प्रत्याशी

  • क्षेत्र पंचायत सदस्य (1225 पद) — 4214 प्रत्याशी

  • ग्राम प्रधान (2726 पद) — 7833 प्रत्याशी

  • ग्राम पंचायत सदस्य (933 पद) — 1988 प्रत्याशी

मतगणना 31 जुलाई से शुरू होगी और इसके बाद नए पंचायत प्रतिनिधियों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।